Wednesday, 25 March 2015

राज्‍यपाल के पुत्र का निधन, व्‍यापमं फर्जीवाड़े में था आरोपी

प्रदेश के बहुचर्चित व्‍यावसायिक परीक्षा मंडल व्‍यापमं घोटाले में आरोपी शैलेष यादव का निधन हो गया। शैलेष मध्‍यप्रदेश के राज्‍यपाल रामनरेश यादव के पुत्र थे।आज हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है।

हाईकाेर्ट में व्‍यापमं मामले में राज्‍यपाल की ओर से बहस कर रहे जबलपुर के एडवोकेट महेंद्र पटैरिया ने नईदुनिया को यह जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि शैलेष की मृत्‍यु लखनऊ में रात को ब्रेन हैमरेज से हुई।जानकारी के अनुसार व्‍यापमं घोटाले मामले में शैलेष को फरार बताया जा रहा था।

बताया जाता है कि इस मामले में अपना नाम आने से शैलेष परेशान थे।एसटीएफ ने उन्‍हें नोटिस भी भेजे थे। उन्‍हें पकड़ने के लिए एसटीएफ खासी कवायद कर रही थी। शैलेष का शव अपने घर में मिला। इस बारे में अभी विस्‍तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। उनके पिछले कुछ समय से अस्‍वस्‍थ होने की बात भी सामने आ रही है।

दूसरी ओर राज्‍यपाल भी इन दिनों अस्‍वस्‍थ हैं। उनका भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र स्थि‍त एक निजी अस्‍पताल में उपचार चल रहा है।

No comments:

Post a Comment