Monday, 23 February 2015

याद नहीं दक्षिण अफ्रीका को पहले कभी ऐसे हारते देखा हो : गांगुली

सौरव गांगुली
सौरव गांगुली
विश्‍व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन से खुश पूर्व कप्‍तान सौरव गांगुली ने कहा कि लंबे समय से प्रोटीज को पहले कभी ऐसे हारते नहीं देखा और इस जीत से महेंद्र सिंह धोनी की टीम को काफी साहस मिलेगा।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की 130 रन की जीत के बाद गांगुली ने शिखर धवन की तारीफ करते हुए कहा कि अगर सलामी बल्‍लेबाज ने पाकिस्‍तान के खिलाफ 73 रन की पारी खेलकर खोया फॉर्म हासिल किया तो रविवार को एमसीजी पर विश्‍व के घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने उनका शतक (137) सर्वश्रेष्‍ठ था।

गांगुली ने कहा कि पाकिस्‍तान के खिलाफ खेली पारी ने धवन के अंदर बहुत विश्‍वास भरा और उसने अपनी बल्‍लेबाजी को और मजबूत बनाते हुए हुए अगले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जमा दिया।

अगर धवन का शतक मैच का मुख्‍य आकर्षण रहा तो विराट कोहली (46) और अजिंक्‍य रहाणे (79) ने भी उपयोगी पारी खेली, लेकिन गांगुली को लगता है क‍ि मध्‍यक्रम को फॉर्म तलाशने की जरुरत है। उन्‍होंने कहा- सुरेश रैना, धोनी और जडेजा के लिए टूर्नामेंट में थोड़ा फॉर्म हासिल करना जरुरी है। गांगुली ने कहा कि टीम विराट कोहली और अजिंक्‍य रहाणे पर ज्‍यादा निर्भर करती है, लेकिन टूर्नामेंट की प्रगति के साथ मध्‍यक्रम के बल्‍लेबाजों का योगदान मुख्‍य रोल अदा करेगा।

No comments:

Post a Comment