Monday, 23 February 2015

राहुल की 'छुट्टी', बजट सत्र के दौरान संसद में नहीं आएंगे नजर

कांग्रेस उपाध्यक्ष व अमेठी से सांसद राहुल गांधी बजट सत्र के दौरान संसद में उपस्थित नहीं रहेंगे। लोकसभा चुनावों के बाद राज्य विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस के बेहद खराब प्रदर्शन के कारण विरोधियों के निशाने पर चल रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अब 'कुछ दिन की छुट्टी' पर जाना चाहते थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल पार्टी के कामकाज से कुछ समय के लिए छुट्टी चाहते थे, ताकि वे थोड़ा आराम कर सकें और नई ऊर्जा के साथ काम कर सकें। लिहाजा, उनका अनुरोध पार्टी हाईकमान ने मंजूर कर लिया।

पार्टी सूत्र ने बताया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष ने हाल की घटनाओं और पार्टी की भावी दिशा पर चिंतन करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से कुछ समय का अवकाश दिए जाने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। उन्हें कुछ हफ्तों के लिए छुट्टी मिली है। वापस लौटकर वे पार्टी के कामकाज में सक्रियता से भाग लेंगे।

बता दें कि आगामी अप्रैल में कांग्रेस अधिवेशन भी होना है, जोकि उनके लिए एक महत्वपूर्ण इवेंट भी है। राहुल अच्छी तरह जानते हैं कि यह अधिवेशन पार्टी और उनके भविष्य के लिए काफी अहम है, जिसके लिए वह तैयार रहना चाहते हैं।

No comments:

Post a Comment